देव भूमि उत्तराखंड की संस्कृति, खान-पान और दैवीय स्थलों और उत्तराखण्ड के टूरिज्म का परिचय उत्तराखण्ड दर्शन के माध्यम से !

Breaking

(1)प्रदेश सरकार जल्द ही 1000 पटवारियों की भर्ती करने जा रही है। (2) Uttarakhand UBSE Class 12 Board Results 2017 to be Declared on May 30 at uaresults.nic.in (3)अल्‍मोड़ा के चौखुटिया में बादल फटा, दो भवन व आठ मवेशी बहे (4)श्री हेमकुंड साहिब के कपाट खुले, श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में किया स्नान (5)उत्‍तराखंड: टिहरी और अल्मोड़ा में बादल फटा, देहरादून में आंधी से उखड़े पेड़

Friday, March 31, 2017

पाताल भुवनेश्वर गुफ़ा

पाताल भुवनेश्वर पिथौरागढ़ जनपद उत्तराखंड राज्य का प्रमुख पर्यटक केन्द्र है। यहां देवदार के घने जंगलों के बीच यहां पर अनेक भूमिगत गुफ़ाओं का संग्रह है जिसमें से एक बड़ी गुफ़ा के अंदर शंकर जी का मंदिर स्थापित है। यह संपूर्ण परिसर 2007 से भारतीय पुरातत्व विभाग द्वारा अपने कब्जे में लिया गया है। हालांकि गुफ़ाओं के अन्दर प्रवेश आदि का कार्य अब भी स्थानीय स्तर पर बनी मंदिर कमेटी द्वारा किया जाता है। पाताल भुवनेश्वर निवासी मेजर समीर कोतवाल 28 अगस्त 1999 को आसाम में उग्रवादियों के एक गुट के साथ लडाई में शहीद हो गये थे। दिवंगत मेजर समीर कोतवाल की स्मृति में पाताल भुवनेश्वर कस्बे के प्रवेश द्वार को 'समीर द्वार' का नाम दिया गया है। पर्यटकों की सुविधा हेतु कुमाऊँ मण्डल विकास निगम का गेस्ट हाउस है।

पाताल भुवनेश्वर गुफ़ा'पाताल भुवनेश्वर का गुफ़ा मंदिर' उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के प्रसिद्ध नगर अल्मोड़ा से शेराघाट होते हुए 160 किलोमीटर की दूरी तय कर पहाड़ी वादियों के बीच बसे सीमान्त कस्बे गंगोलीहाट में स्थित है। पाताल भुवनेश्वर गुफ़ा किसी आश्चर्य से कम नहीं है। इसके रास्ते में दिखाई देती हैं धवल हिमालय पर्वत की नयनाभिराम नंदा देवी, पंचचूली, पिंडारी, ऊंटाधूरा आदि चोटियां। दिल्ली से चल कर पहले दिन 350 कि
मी की दूरी तय कर अल्मोड़ा पहुंच सकते हैं।

धार्मिक मान्यता

भारत के प्राचीनतम ग्रन्थ स्कन्द पुराण में वर्णित पाताल भुवनेश्‍वर की गुफ़ा के सामने पत्थरों से बना एक-एक शिल्प तमाम रहस्यों को खुद में समेटे हुए है। किंवदन्ती है कि यहाँ पर पाण्डवों ने तपस्या की और कलियुग में आदि शंकराचार्य ने इसे पुनः खोजा। इस गुफ़ा में प्रवेश का एक संकरा रास्ता है जो कि क़रीब 100 फीट नीचे जाता है। नीचे एक दूसरे से जुड़ी कई गुफ़ायें है जिन पर पानी रिसने के कारण विभिन्न आकृतियाँ बन गयी है जिनकी तुलना वहाँ के पुजारी अनेकों देवी देवताओं से करते हैं। ये गुफ़ायें पानी ने लाइम स्टोन (चूना पत्थर) को काटकर बनाईं हैं। गुफ़ाओं के अन्दर प्रकाश की उचित व्यवस्था है। कुमाऊं आँचल की पिथौरागढ़ क्षेत्र अपना एक अलग महत्व रखता है। ज़िला पिथौरागढ़ की तहसील को गुफ़ाओं वाला देव कहा गया है। पिथौरागढ़ जनपद के गंगोलीहाट क्षेत्र में महाकाली मंदिर, चामुंडा मंदिर, गुफ़ा मंदिर के लिए प्रसिद्ध है।
प्राचीन काल से ही पाताल भुवनेश्‍वर प्रसिद्ध रहा है। चारों ओर वृक्षों से आच्छादित एक गुफ़ा जो बाहर से किसी गांव के पुराने घर का 4 फुट लम्बा, डेढ़ फुट चौड़ा द्वार यानि एक बड़ी सूई में छोटा सा छेद मालूम होता है, उस द्वार के सामने पहुंच कर एकदम आप उस स्थान विशेष से प्रभावित नहीं होंगे। 
यही है सरयू नदीरामगंगा नदी के मध्य गुपतड़ी नामक स्थान की ऐतिहासिक पाताल भुवनेश्‍वर गुफ़ा। यहां तेतीस करोड़ देवी-देवताओं की मूर्तिया प्रतिष्ठित हैं। गुफ़ा में मौजूद मंदिर भगवान शिव का है। कहा जाता है कि ब्रह्मा स्वर्ग के दूसरे देवताओं के साथ यहां शिव अराधना के लिए आते हैं। मंदिर के अंदर संकरे पानी की धारा से होते हुए गुफ़ा में जाना होता है। 
गंगोलीहाट क्षेत्र में प्राचीन शिव पाताल भुवनेश्वर गुफ़ा मंदिर धरती के अंदर 8 से 10 फीट गहरी गुफ़ा के अंदर बना हुआ है। जिसमें तरह-तरह की मूर्तियां विद्यमान हैं। यह स्थान सरयु राम गंगा के बीच बसा हुआ है। जिसका मुख उत्तर दिशा है। 
गुफ़ा के अंदर जाने का मुख्य रास्ता भी कई छोटी गुफ़ाओं का रास्ता दिखाता है। इस गुफ़ा में उतरने के लिए कोई पौढ़ियां नहीं है, आपको पच्चीस फुट सीधा उतरने के लिए घुप्प अंधेरा मिलेगा। 
वर्षों से लोग उबड़-खाबड़ पत्थरों पर पैर टिका उल्टा या सीधा उतर लकड़ी जलाकर गुफ़ा के दर्शन करते थे। अब कुछ वर्षों पहले भारतीय थल सेना के सौजन्य से जैनरेटर की रोशनी में जन्‍जीर की मदद से उतर कर आप आराम से गुफ़ा को बिजली की रोशनी में देख सकते हैं। केवल जैनरेटर में तेल के खर्चे के लिए आपको पुजारी को 25-30 रु. तक की राशि देनी होगी। 
मुख्य द्वार से संकरी फिसलन भरी 80/84 सीढियां उतरने के बाद एक ऐसी दुनिया नुमाया होती है जहां युगों-युगों का इतिहास एक साथ प्रकट हो जाता है। 
गुफ़ा में बने पत्थरों के ढांचे देख के आध्यात्मिक वैभव की पराकाष्ठा के विषय में सोचने को मजबूर कर देते हैं। पाताल भुवनेश्वर गुफ़ा का प्रवेश द्वार बहुत संकरा है, सीढियों द्वारा लगभग सरक कर नीचे उतरना पडता है। जिसमें एक बार में एक व्यक्ति ही बड़ी मुश्किल से नीचे उतर पाता है। लेकिन गुफ़ा में सीढियां उतरते ही एक बडे कमरे में आप अपने को 33 करोड़ देवी-देवताओं की प्रतीकात्मक शिलाओं, प्रतिमाओं व बहते हुए पानी के मध्य पाते हैं। 
गुफ़ा में घुसते ही शुरुआत में (पाताल के प्रथम तल) नरसिम्हा भगवान के दर्शन होते हैं। कुछ नीचे जाते ही शेषनाग के फनों की तरह उभरी संरचना पत्थरों पर नज़र आती है। मान्यता है कि धरती इसी पर टिकी है। 
आगे बढने पर एक छोटा सा हवन कुंड दिखाई देता है। कहा जाता है कि राजा परीक्षित को मिले श्राप से मुक्ति दिलाने के लिए उनके पुत्र जन्मेजय ने इसी कुण्ड में सभी नागों को जला डाला परंतु तक्षक नाम का एक नाग बच निकला जिसने बदला लेते हुए परीक्षित को मौत के घाट उतार दिया। हवन कुण्ड के ऊपर इसी तक्षक नाग की आकृति बनी है। 
हवन कुण्ड के आगे गुफ़ा की मौन तन्द्रा को भंग कर पुजारी की आवाज़ गूंजती है कि आप शेष नाग के शरीर की हड्डियों पर खड़े हैं और आपके सिर के उपर शेष नाग का फ़न है तो आपको कुछ समझ नहीं आयेगा परन्तु जैसे ही उस गुफ़ा के चट्टानी पत्थरों पर गहन दृष्टिपात करें तो आपके शरीर में सिरहन सी दौड़ेगी और आप वास्तव में अनुभव करेगें की कुदरत द्वारा तराशे पत्थरों में नाग फ़न फैलाये है। 
स्वर्ग से समागत ऐरावत हाथी का शरीर उन चट्टानों में शायद न दिखे पर ज़मीन में बिल्कुल झुक कर भूमि से चन्द ईचों की दूरी पर चट्टानों में हाथी के तराशे हुए पैरों को देख कर आपको मानना ही पड़ेगा कि ईश्‍वर (विश्वकर्मा) के अलावा कोई भी मूर्तिकार इन पैरों को नहीं घड़ सकता है।
शेषनाग के शरीर पर (हड्डियों) पर चल कर गुफ़ा के मध्य तक जाया जा सकता है जहां शिव ने गणेश (गणेशजी की मूर्ति) का सिर काट कर रख दिया था। उनके ऊपर गुफ़ा की छत में चट्टान से बना कमल का फूल है, जिससे पानी टपकते हुए मूर्ति पर पड़ता है। भगवान शंकर की लीला स्थली होने के कारण उनकी विशाल जटांए इन पत्थरों पर नजर आती हैं। शिव जी की तपस्या के कमण्डल, खाल सब नजर आते हैं। 
गुफ़ाओं के अन्दर बढ़ते हुए गुफ़ा की छत से गाय की एक थन की आकृति नजर आती है। ये कामधेनु गाय का स्तन है जिससे वृषभेश के ऊपर सतत दुग्ध धारा बहती है। कलियुग में अब दूध के बदले इससे पानी टपक रहा है।
आगे जाकर एक मुड़ी गरदन वाला गरुड़ एक कुण्ड के ऊपर बैठा दिखई देता है। माना जाता है कि शिवजी ने इस कुण्ड को अपने नागों के पानी पीने के लिये बनाया था। इसकी देखरेख गरुड़ के हाथ में थी। लेकिन जब गरुड़ ने ही इस कुण्ड से पानी पीने की कोशिश की तो शिवजी ने गुस्से में उसकी गरदन मोड़ दी। (हंस की टेड़ी गर्दन वाली मूर्ति। ब्रह्मा के इस हंस को शिव ने घायल कर दिया था क्योंकि उसने वहां रखा अमृत कुंड जुठा कर दिया था।)

पाताल भुवनेश्‍वर जाने के कई रास्ते हैं। यहां जाने के लिए ट्रेन से काठगोदाम या टनकपुर जाना होगा। उसके आगे सड़क के रास्ते ही सफर करना होगा। आप अल्मोड़ा से पहले गंगोलीहाट शेराघाट, या बागेश्‍वर, या दन्या होते जा सकते हैं। टनकपुर, पिथौरागढ़ से भी गंगोलीहाट जा सकते हैं। दिल्ली से बस द्वारा 350 कि.मी. यात्रा कर आप अल्मोड़ा पहुंच कर विश्राम कर सकते है और वहां से अगले दिन आगे की यात्रा जारी रख सकते हैं। रेलवे द्वारा यात्रा करनी हो तो काठगोदाम अन्तिम रेलवे स्टेशन है वहां से आपको बस या प्राइवेट वाहन बागेश्‍वर, अल्मोड़ा के लिए मिलते रहते हैं।

1 comment:

  1. भुवनेश्वर मंदिर के साथ पढ़ते हुए आनंद आ रहा था। यह भी देख सकते है पाताल भुवनेश्वर

    ReplyDelete